आईटीआई मंडी में इंटरनेशनल कंपनी की भर्ती प्रक्रिया में 203 में से 59 युवा ही लिखित परीक्षा पास कर सके। चयनित अभ्यर्थियों का अब व्यक्तिगत इंटरव्यू होगा। इसके बाद अबुधाबी में नौकरी का सपना पूरा होगा। दो दिन तक चली भर्ती प्रक्रिया में युवाओं ने खासा उत्साह दिखाया, लेकिन परिणाम निराशाजनक रहे।
प्रथम दिन 120 युवाओं ने लिखित परीक्षा दी थी। इनमें महज नौ युवा ही पास हो सके। इसके अलावा मंगलवार को दूसरे दिन 83 युवाओं ने लिखित परीक्षा दी। इसमें 50 युवाओं ने लिखित परीक्षा पास की। दूसरे दिन ऑटोमोबाइल, मेकेनिक मोटर व्हीकल, डीजल मेकेनिक ट्रेड, फीटर वेल्डर और इलैक्ट्रीशियन के विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा दी।
संस्थान के ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी लता देवी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आईटीआई मंडी में अबुधाबी की इंटरनेशनल कंपनी भर्ती कर रही है।
बताया कि उम्मीदवारों का चयन कर रहे एचआर मैनेजर ने बताया कि सैलरी के साथ रहने की सुविधा तथा तीनों समय के खाने की व्यवस्था के साथ भारत से अबुधाबी जाने के लिए हवाई टिकट, वीजा तथा मेडिकल का सारा खर्च कंपनी देगी। 20 या 25 दिन के अंदर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। पूरे सिस्टम के साथ चयनित उम्मीदवारों को ले जाया जाएगा।