ऊना जिले के थानाकलां में रोजगार मेले में 515 युवाओं को नौकरी मिली। 2500 पद भरने के लिए 40 से अधिक कंपनियां युवाओं के साक्षात्कार लेने पहुंची थीं। रोजगार मेला रविवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल थानाकलां परिसर में हुआ। इसमें भाग्य आजमाने के लिए दो हजार से अधिक युवा पहुंचे थे। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज एवं पशु तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्यातिथि थे।
उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल में लगभग 90 हजार करोड़ का निवेश लेकर आएगी। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए देश के विभिन्न स्थानों पर इन्वेस्टर मीट और रोड शो किए गए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने रोजगार मेला लगाने के लिए रोजगार विभाग के प्रयासों की सराहना की। कहा कि इसके माध्यम से 40 से अधिक कंपनियों के माध्यम से लगभग 515 युवाओं को रोजगार मिला है। गत वर्ष प्रदेश में 6 रोजगार मेलों तथा 194 कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से पांच हजार से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है।
उधर, जिला रोजगार अधिकारी अनीता गौतम ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इससे पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी। रोजगार मेले में वर्धमान, ल्यूमिनस पावर, लिवगार्ड बैटरी, प्रितिका ऑटोकॉस्ट, जिंदल कोटेक्स, न्यासा, लोविन केयर, कॉपमेड, प्रोक्टर एंड गैंबल जैसी 40 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया।
इस दौरान प्रेम सिंह चंबियाल, राजेंद्र गौतम, रमन शर्मा, शमशेर सिंह, सोनू गोयल, देवेंद्र चौहान, योगराज भारद्वाज, चरणजीत शर्मा, विजय शर्मा, कृष्ण पाल शर्मा, दीपक शारदा, राम सिंह, कमल सिंह, सुरेंद्र हटली, संजीवन, रणवीर सिंह, नवीन कुमार, अश्वनी आदि मौजूद रहे।