हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) विभिन्न स्तरों पर युवाओं को जागरूक कर उनके रोजगार प्राप्त करने के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक कदम उठा रहा है।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 24 से 25 जून तक घणाहट्टी के समीप बनूटी में दो दिवसीय ‘जॉब मेला’ आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी सरकार के एक प्रवक्ता ने दी।
इस जॉब मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता तथा रुचि के अनुरूप व्यावसायिक कोर्स और नौकरी के अवसर प्रदान करना है। इसके अलावा युवाओं को पीएमकेवीवाई, डीडीयू-जीकेवाई जैसी आगामी कौशल विकास परियोजनाओं तथा एचपीकेवीएन के मुख्य कार्यक्रम के बारे में युवाओं को जानकारी देना है।
इसके अतिरिक्त एचपीकेवीएन की ओर से प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके और हाल ही में अपनी कुशलता के अनुसार नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षु सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।