प्रदेश में 1191 पदों पर पीजीटी आईपी की भर्ती प्रक्रिया वीरवार से शुरू होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय में वीरवार से आवेदकों के इंटरव्यू शुरू होंगे। इंटरव्यू लेने के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने चार बोर्ड गठित किए हैं।
11 सितंबर से भर्ती के लिए शुरू हुए पंजीकरण में तीन दिन के दौरान 1150 आवेदकों ने फॉर्म जमा करवाए हैं। पंजीकरण करवाने के क्रम से ही इंटरव्यू की तारीख और इंटरव्यू लेने वाले बोर्ड की जानकारी दी जा रही है।
प्रदेश के सामान्य क्षेत्रों में रहने वाले आवेदकों का पंजीकरण 18 सितंबर और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वालों का पंजीकरण 20 सितंबर तक होगा।
प्रदेश के सरकारी या निजी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा दे रहे शिक्षकों पर पीजीटी आईपी की भर्ती में निर्धारित 45 साल की आयु की शर्त लागू नहीं होगी। सरकार ने भर्ती के नियमों में संशोधन करते हुए स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को निर्धारित आयु सीमा में छूट दी है।
पीजीटी आईपी पद के लिए पंजीकरण करवाने और इंटरव्यू देने के लिए आने वाले आवेदकों को अपने साथ दसवीं से लेकर उच्च शिक्षा, पांच साल के शैक्षणिक अनुभव और हिमाचली मूल होने का प्रमाणपत्र भी लाना होगा।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने पंजीकरण करवाने के लिए आवेदन फॉर्म को निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड किया है। आवेदक वेबसाइट से फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा निदेशालय में भी आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं।