यूजी कोर्स की वार्षिक 15 परीक्षाएं मार्च से होनी हैं। ऐसे में इक्डोल को नए बैच के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने पर जल्द फैसला लेना होगा, ताकि जीरो सेशन न जाए। पीजी कोर्स में अभी सेमेस्टर सिस्टम है। रेगुलर में भी सीधे दूसरे सेमेस्टर में प्रवेश का प्रावधान है तो पीजी कोर्स में सीधे दूसरे सेमेस्टर में भी इक्डोल प्रवेश दे सकता है। पहले सेमेस्टर को छात्र अंतिम सेमेस्टर के बाद भी पूरा कर सकते हैं।
इक्डोल में पढ़ाए जाने वाले कोर्स
इक्डोल में बीए, बीकॉम, बीसीए, एमए अर्थशास्त्र, इतिहास, हिंदी, इंग्लिश, एमए म्यूजिक, राजनीति शास्त्र, लोक प्रशासन, एमए संस्कृत, समाज शास्त्र, एमए एजूकेशन, एमएससी मैथमेटिक्स, एमकॉम। प्रोफेशनल कोर्स में एमबीए, एमसीए, बीएड, डिप्लोमा में पीजीडीसीए, पीजीडीएचआरडी, पीजीडीपीएम एंडएलडब्लू, डिलोमा इन योगा स्टडीज, डिप्लोमा इन टूरिस्ट गाइड।
पत्रकारिता पीजी कोर्स का बदला जाएगा नाम
मास्टर इन मास कम्यूनिकेशन (एमएमसी) का नाम बदला जाएगा। इसके लिए तीस दिन का समय दिया है। इसकी प्रक्रिया विवि ने पहले ही शुरू कर दी है। इसे एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन किया जाना है। इसको अकादमिक काउंसिल और ईसी से मंजूरी मिलना बाकी है। हालांकि, सिलेबस में कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) को नए बैच बिठाने की मान्यता के बाद एचपीयू और इक्डोल प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल तय कर लिया है। इक्डोल में पीजी और यूजी कोर्स में प्रवेश के लिए दस जनवरी 2019 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से शुरू होगी।
यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो के नियमानुसार इस बार इक्डोल की प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन ही होगी। इक्डोल के निदेशक प्रो. कुलवंत पठानिया ने बताया कि दस जनवरी से इक्डोल का पोर्टल खोल दिया जाएगा।
छात्र प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाने वाली विवरणिका और प्रवेश फार्म इक्डोल, विश्वविद्यालय की www.icdeolhpu.org,wwwhpuniv.ac.in , www.admissions.hpushimla.in वेबसाइट पर प्राप्त कर सकेंगे।
छात्र नए बैच में स्नातक कोर्स जैसे बीए, बीकॉम, बीसीए, बीएड प्रथम वर्ष के लिए और स्नातकोत्तर कोर्स में एमबीए, एमसीए, एमएससी गणित, एमएस संगीत, एमए हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, लोक प्रशासन, समाज शास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र, एम कॉम, एमए एजूकेशन प्रथम सेमेस्टर, पीजीडीसीए, पीजीडीपीएम डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते है।
इनमें ही फिलहाल प्रवेश दिया जाएगा। प्रो. पठानिया ने कहा कि छात्रों की परेशानी को देखते हुए, इक्डोल प्रशासन ने कुलपति की सहमति के बाद प्रवेश की प्रक्रिया दस जनवरी से शुरू करने का फैसला लिया है।