कॉलेजों में यूजी कोर्स के लिए लागू सीबीसीएस सिस्टम अभी भी ट्रैक पर नहीं आ सका है। हालत यह है कि कॉलेजों में यूजी डिग्री, कोर्स कर रहे दो बैच के हजारों छात्रों का दूसरे और चौथे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम अब तक एचपीयू घोषित नहीं कर पाई है। जून महीने में दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं हो चुकी हैं।
इनमें से अब तक विवि ने छठे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित किया है। छात्रों को पीजी कोर्स और बाहरी राज्यों के विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने में पेश आने वाली समस्याओं की संभावनाओं को देखते हुए छठे सेमेेस्टर यानी पहले रूसा सीबीसीएस यूजी डिग्री कोर्स के बैच के इस अंतिम सेमेस्टर का परिणाम प्राथमिकता के आधार पर समय से घोषित कर दिया गया था।
लेकिन इसके बाद दूसरे और तीसरे बैच के करीब 60 हजार छात्रों का दूसरे और चौथे सेमेस्टर का परिणाम अब तक घोषित नहीं हो पाया है। जबकि इन छात्रों के अगले तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 अक्तूबर से शुरू होने जा रही हैं, लेकिन इन छात्रों को पिछले सेमेस्टर का परिणाम अब तक पता नहीं है।
ऐसे में छात्र री अपीयर भरने को लेकर असमंजस में हैं, हालांकि विवि का दावा है कि इन दोनों सेमेस्टर के परिणाम में देरी से री अपीयर को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। जिन सेमेस्टर की रोटेशन में री अपीयर परीक्षा होनी हैं, उनके परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
नए यूजीसी सीबीसीएस पेटर्न के तहत होंगी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं
25 अक्तूबर से यूजी की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इनकी डेटशीट विवि ने जारी कर दी है। इसमें पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी हैं। तीनों ही अलग-अलग पेटर्न और समय-समय पर लाए गए बदलाव के मुताबिक होंगी, जिसमें अंक विभाजन आदि बदला होगा।
यही नहीं इस बार नए बैच के प्रथम सेमेस्टर में यूजीसी के तय प्रारूप को अपनाया गया है, जिसमें सीबीसीएस में बदलाव लाया गया है, वहीं च्वायस को संकाय तक सिमट कर रखा गया है। जाहिर है कि इसके प्रश्न पत्र भी अलग तरीके से सेंट होंगे, परीक्षाएं उसी के मुताबिक होनी हैं। विवि को पिछले परीक्षा परिणाम को जल्द घोषित करने के साथ, परीक्षा संचालन में भी खास कसरत करनी पड़ेगी। इसमें पेपर सेटिंग से लेकर मूल्यांकन तक की प्रक्रिया बदली होगी।
जल्द घोषित होंगे पिछले परिणाम: परीक्षा नियंत्रक
विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने कहा कि दोनों सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। छात्रों को इन परीक्षाओं में री अपीयर परीक्षा फार्म भरने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि रूसा सीबीसीएस में किए बदलाव के चलते पहली प्राथमिकता परीक्षा में पेपर सेटिंग से लेकर परीक्षा केंद्र स्थापित करना और परीक्षा संचालित करना रहेगी। परिणाम तैयार हो रहे हैं, जल्द ही घोषित कर दिए जाएंगे।