एचपीयू 29 फरवरी से नौ मार्च तक बीएड और एमएड की पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं लेगा। सत्र 2019-20 में बीएड परिणाम देरी से घोषित होने से नए बैच की कक्षाएं भी देर से शुरू हुई थीं। एमएड पीजी कोर्स की पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं अन्य पीजी कोर्स के साथ दिसंबर में होती रही हैं, मगर पिछले दो सत्र से ये परीक्षाएं बीएड के साथ ही करवानी पड़ रही हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने बीएड और एमएड के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का शेडयूल जारी कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया है। विवि प्रशासन की मानें तो 29 फरवरी से पहले एमएड की सौ दिन की कक्षाओं की आवश्यक शर्त पूरी हो जाएगी। इसलिए बीएड और एमएड की सेमेस्टर अंत परीक्षाएं एक साथ करवाई जा रही हैं। इससे इन्हें कम स्टाफ और कम खर्च पर संचालित करना आसान होगा।