प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेज में प्रवेश के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय नीट परीक्षा में अंकों के आधार पर विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराएगा। इसके लिए आवेदन की तिथि अधिसूचित की जाएगी।
आवेदन के बाद तैयार मेरिट सूची के मुताबिक ही एचपीयू काउंसलिंग करवाएगा। इसके बाद विवि प्रदेश के छह सरकारी और एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की सीटें आवंटित की जाएंगी।
वहीं, नीट परीक्षा में प्राप्तांक और विवि की काउंसलिंग के आधार पर एक सरकारी और चार प्राइवेट डेंटल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि काउंसलिंग को लेकर तमाम तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश सरकार से आदेश मिलते ही इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस बार सरकारी आदेश के अनुसार प्रवेश में आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य वर्ग के छात्रों को आरक्षण लागू किया जाना है। आर्थिक आधार के आरक्षण में कितनी सीटें दी जाएंगी, इसे लेकर भी सरकार के आदेश का इंतजार है।