हिमाचल विश्वविद्यालय की विभिन्न विषयों में एमफिल, पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल साइकोलॉजी प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की रेगुलर और रि-अपीयर परीक्षाएं मार्च माह में होंगी। इसके साथ ही एलएलएम दूसरे और चौथे सेमेस्टर की एमफिल, पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल साइकोलॉजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक बिना लेट फीस आवेदन 26 फरवरी तक विवि पहुंच जाने चाहिए। इसके बाद प्राप्त होने वाले परीक्षा फार्म पर तय नियमों में लेट फीस ली जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा फार्म विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए हैं। इसे छात्र तय समय अवधि के भीतर भरना सुनिश्चित करें।
ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाने के बाद छात्र को इसका प्रिंट निकाल कर हार्ड कापी विवि को भेजनी होगी। इसके साथ आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज की प्रति भी संलग्न करनी होगी। रेगुलर कोर्स कर रहे छात्र और छात्राओं के भरे गए परीक्षा फार्म को संबंधित विभागाध्यक्ष को सत्यापित करना होगा।
इसमें परीक्षा के लिए तय की गई हाजिरी की शर्त भी पूरी होनी चाहिए। पहले से डिग्री कर रहे छात्रों के लिए परीक्षा फार्म विवि की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाए गए हैं, जिसे वे भरकर तय फीस के साथ जमा करवा सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक ने साफ किया है कि अधूरे परीक्षा फार्म मान्य नहीं होंगे।