एचपीयू ने 11 सितंबर को यूजी प्रथम वर्ष का परिणाम घोषित कर दिया है। बीकॉम का परिणाम 49 फीसदी रहा है। कला संकाय 53 फीसदी, बीएससी का पास प्रतिशत 47 फीसदी रहा है। छात्र-छात्राओं को परिणाम घोषित होने के 21 दिन के भीतर रिवेल्यूएशन या रि-चेकिंग के लिए आवेदन करना होगा।
ईयर सिस्टम में रूसा सेमेस्टर सिस्टम की तर्ज पर दो विषयों में फेल छात्रों को फेल नहीं किया गया है। तीन या तीन से अधिक विषयों में फेल विद्यार्थियों को ही फेल किया गया है। जिनका परिणाम खराब रहा है या दो विषयों में फेल हैं, वे सप्लिमेंटरी परीक्षा दे सकते हैं।
इससे पहले रूसा के तहत यूजी कोर्स में लागू सेमेस्टर सिस्टम में रिवेल्यूएशन की सुविधा नहीं थी। यह व्यवस्था ईयर सिस्टम में थी। छात्र संगठन और आम छात्र यह मांग उठा रहे थे। पहले एक विषय में फेल होने पर कंपार्टमेंट दी जाती थी, जबकि दो विषयों में फेल होने पर छात्र फेल हो जाता था, मगर रूसा के सेमेस्टर और ईयर सिस्टम दोनों में दो विषयों में फेल छात्र के पास सप्लिमेंटरी परीक्षा देने की सुविधा है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि यूजी कोर्स के प्रथम वर्ष का परिणाम संतोषजनक है। बावजूद इसके जो छात्र संतुष्ट नहीं हैं वे रिवेल्यूशन और रि-चेकिंग करवा सकते हैं। उन्हें 21 दिन के भीतर वेबसाइट पर उपलब्ध परीक्षा फॉर्म और तय फीस देकर आवेदन करना होगा।