हिमाचल प्रदेश विवि के कुलपति के पद पर दावेदारी के इच्छुक प्रोफेसरों के लिए पद की पात्रता शर्तों पर खरा उतरना आसान नहीं लग रहा है। पात्रता शर्तों के मुताबिक यदि छंटनी कर नाम तय हुआ, तो इसमें एचपीयू के वर्तमान में सेवारत और पूर्व में रहे दो-तीन प्रोफेसर ही पद के लिए योग्य पाए जाएंगे। इन दावेदारों पर प्रदेश भर और प्रदेश के बाहर से आए आवेदक भारी पड़ सकते हैं। ऐसा हुआ तो एक बार फिर से बाहरी प्रदेश के किसी शिक्षाविद की पद पर तैनाती हो सकती है।
एचपीयू में सेवारत कुछ ऐसे प्रोफेसर हैं, जो अकादमिक, शोध, साइटेशन के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं से विवि को शोध प्रोजेक्ट दिलवा चुके हैं। विदेशों में भी अपनी मेहनत और रिसर्च के बूते अपना लोहा मनवा चुके हैं। वहीं उनके पास प्रशासनिक और अकादमिक अनुभव भी है।
पद पर तैनाती के लिए रखी गई शर्तों को कौन पूरा कर पाएगा, आवेदन जांचने पर ही पता चल सकेगा। आवेदन के लिए विज्ञापन में साफ किया गया है कि यूजीसी के रेगुलेशन-2010 के पैरा 7.3.0 और एचपीयू एक्ट 1970 के सेक्शन 12 (1) को ही चयन का आधार बनाया जाएगा। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था चलाने में अनुभव, दूरदर्शी सोच के साथ कुशल नेतृत्व, शोध व अकादमिक एक्सीलेंस वाले व्यक्ति को ही पद पर तैनाती दी जाएगी।
ये है वीसी पद के लिए तय की पात्रता शर्तें
1.उच्च शिक्षा में प्रोफेसर और इसके समकक्ष पद पर कम से कम दस साल तक कार्य करने का अनुभव(समकक्ष क्या होगा इस पर सर्च कमेटी का फैसला ही अंतिम माना जाएगा)।
2. उच्च शिक्षा में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के रूप में विवि में पांच साल का न्यूनतम अनुभव।
3. संवैधानिक संस्थाओं/संवैंधानिक शोध संस्थान जैसे बोर्ड आफ स्टडीज, अकादमिक काउंसिल, कार्यकारी परिष द बोर्ड आफ मैनेजमेंट, सिनेट में कार्य करने का अनुभव।
4. प्रोफेशनल सोसायटी, अकादमी से शोध, शिक्षा और इससे संबद्ध कार्यों के लिए सम्मानित व अवार्ड प्राप्त हुआ हो।
5. आवेदनकर्ता को आवेदन के साथ तुरंत पद की जिम्मेदारी को पूरा करने का शपथ पत्र भी देना होगा।
6. आवेदनकर्ता यदि सरकारी संस्थान, विभाग स्वायत्त संस्था में कार्यरत है, तो उसे विजिलेंस क्लीयरेंस के साथ तय प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
7. अधूरे और देरी से मिलने वाले आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे, देरी के लिए सर्च कमेटी जिम्म्ेदार नहीं होगी।
इनकी है चर्चा
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत प्रोफेसर के नाम कुलपति पद के लिए दावेदारी जताने वालों की चरचा में चल रहे हैं। इनमें विवि इक्डोल के निदेशक प्रो. प्रदीप वैद, प्रो. सिकंदर कुमार (अर्थशास्त्र ), प्रो. कुलवंत पठानिया (कामर्स ), प्रो. शशि कांत लोमेश (केमिस्ट्री), प्रो. महावीर सिंह (फिजिक्स), प्रो. शशि धीमान(फिजिक्स) के अलावा पूर्व में कुलपति रह चुके सेवानिवृत्त शिक्षक
प्रो. सुनील गुप्ता (कामर्स) के अलावा साइंस फैकल्टी की एक प्रोफेसर पद की महिला शिक्षिका का नाम भी दावेदारों में चल रहा है। नई सरकार में महिला प्रोफेसर की भी वीसी पद पर तैनाती हो सकती है। चूंकि पिछली सरकार के कार्यकाल में डीएस अधिष्ठाता अध्ययन पद पर पहली महिला शिक्षिका को तैनाती दी गई थी।