हिमाचल प्रदेश विवि ने बीएड अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया है। इसको लेकर एसएफआई और एबीवीपी दोनों छात्र संगठनों ने परीक्षा नियंत्रक का घेराव भी किया था। अभी परीक्षा परिणाम घोषित न होने के बावजूद विवि का एमएड कोर्स की काउंसलिंग की तिथि तय करने से साफ है कि विवि के पास बीएड अंतिम सेमेस्टर के अवार्ड पहुंच चुके हैं।
विवि की परीक्षा विंग काउंसलिंग की तिथि से पूर्व ही परिणाम घोषित कर सकता है। यदि नतीजे न भी आए तो विवि अन्य पीजी और एमफिल कोर्स प्रवेश की तर्ज पर गोपनीय परीक्षा परिणाम शिक्षा विभाग को उपलब्ध करवाकर काउंसलिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
300 सीटों के लिए 169 अभ्यर्थी है पात्र
विश्वविद्यालय के अपने विभाग की 50 और विवि से संबद्ध निजी कॉलेजों की 250 एमएड सीटों के लिए इस बार भी आवेदनकर्ताओं और प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों की संख्या सिर्फ 169 ही है। यह हालांकि पिछले सत्र के मुकाबले बढ़ी है, मगर इस काउंसलिंग की प्रक्रिया में दौड़ विवि के अपने शिक्षा विभाग की 50 सीटें पाने के लिए ही होगी।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय इग्नू के जनवरी 2020 के सत्र के पोस्ट बेसिक और बीएससी नर्र्सिग कोर्स में प्रवेश के लिए 9 नवंबर रविवार को प्रवेश परीक्षा होगी। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगिंद्र कुमार यादव ने कहा कि यह परीक्षा देश भर के 47 परीक्षा केंद्रों में होने जा रही है। 4626 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी।
हिमाचल प्रदेश में इग्नू अध्ययन केंद्र संजौली को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा प्रवेश पत्र इग्नू की वेबसाइट से अपलोड किए जा सकते है। अभ्यर्थी को अपने साथ प्रवेश पत्र लाना होगा। जिनके प्रवेश पत्र इग्नू की साइट पर नहीं होंगे वे इग्नू के क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थी को 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में रिपोर्ट करना होगा। जानकारी को क्षेत्रीय कार्यालय 0177-2624612 पर संपर्क किया जा सकता है।