एचपीयू ने कॉलेज और विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों और अन्य प्रतियोगिताओं में कॉलेज, विवि का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के भत्तों में दोगुना बढ़ोतरी की है। वित्त कमेटी के इस प्रस्ताव को कार्यकारी परिषद की मंजूरी मिल गई है। इसी सत्र से अंतर विवि और इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को नई दरों से भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।
विवि की खेल एवं पठ्येत्तर परिषद के प्रस्ताव और वित्त कमेटी की सिफारिशों के आधार पर भत्तों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को विवि की सर्वोच्च एवं निर्णायक संस्था कार्यकारी परिषद से मंजूरी मिल गई है। अधिसूचना जारी होते ही बढ़े हुए भत्तों का भुगतान शुरू हो जाएगा।
इस फैसले से हर सत्र में इंटर कॉलेज की 40 खेल स्पर्धा और अलग अलग ग्रुप की सांस्कृतिक और अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले करीब 16,000 विद्यार्थियों, औसतन हर सत्र में इंटर यूनिवर्सिटी के मुकाबलों में एचपीयू का प्रतिनिधित्व करने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा।
विवि के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय के निदेशक प्रो. सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि विवि प्रशासन को पुरानी दरों से गुजारा करना मुश्किल हो रहा था। इसलिए खेल एवं पठ्येत्तर परिषद ने विवि प्रशासन को भत्तों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा था। इसे कार्यकारी परिषद की 25 सितंबर को हुई बैठक में मंजूरी मिल गई है।
किस भत्ते में होनी है कितनी बढ़ोतरी
भत्ता इंटर कॉलेज इंटर यूनिवर्सिटी
दैनिक भत्ता 150 से 250 200 से 400 रुपये
रिफ्रेशमेंट भत्ता 25 से 50 40 से 100 रुपये
बेडिंग (दरी चार्जेज) 25 से 100 25 से 100
यात्रा पूरा कॉलेज विश्वविद्यालय वहन करेगा