एचपी यूनिवर्सिटी ने रूसा के तहत यूजी की रि-अपीयर फीस पांच गुना तक बढ़ा दी है। अब छात्रों को सौ की जगह पांच सौ रुपये फीस चुकानी पड़ रही है। एसएफआई की यूनिवर्सिटी इकाई ने फीस बढ़ोतरी पर आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
राज्य कमेटी अध्यक्ष विक्रम कायथ का कहना है कि विवि प्रशासन ने बिना कोई अधिसूचना जारी किए फीस बढ़ोतरी कर दी है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि इससे प्रदेश भर के कॉलेजों में पढ़ रहे हजारों छात्रों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।
कुछ साल पहले भी विवि प्रशासन ने यह फीस पांच सौ रुपये कर दी थी, लेकिन तब छात्रों के विरोध के बाद वापस इसे सौ रुपये तय किया गया। इस सत्र में यह फीस फिर बढ़ा दी है। छात्रों के चालान सौ की जगह पांच सौ रुपये के निकल रहे हैं।
कमेटी सचिव दिनीत दैंटा का कहना है कि आजकल जो छात्र रि अपीयर के फॉर्म भर रहे हैं, उन्हें पांच सौ रुपये का चालान भरना पड़ रहा है। कहा कि इकाई इसके विरोध में छात्रों को एकजुट करेगी।
एसएफआई सोमवार को प्रदेश भर के कॉलेजों समेत एचपी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन करने जा रही है। कमेटी का कहना है कि यदि फीस बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उधर, कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार का कहना है कि उन्हें फीस बढ़ोतरी की जानकारी नहीं है।