हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय(एचपीयू) शिमला ने बीडीएस की वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीडीएस विद्यार्थियों को 21 अक्तूबर तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने होंगे। इसके बाद तय दरों के हिसाब से लेट फीस ली जाएगी। वहीं, एचपीयू ने एमडी/एमएस आयुर्वेद की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं 18 अक्तूबर से शुरू होंगी। परीक्षा शेड्यूल विवि की वेबसाइट पर जारी किया गया है।
पीजी कोर्सों में कल्चरल कोटा से प्रवेश के लिए 21 को होंगे ट्रायल
पीजी डिग्री और डिप्लोमा कोर्सों में नए सत्र में प्रवेश के लिए कल्चरल कोटा के तहत तय सीटों पर प्रवेश के लिए ट्रायल की तिथि तय कर दी गई है। सभी टीचिंग विभागों के लिए 21 अक्तूबर को अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय में यह ट्रायल होंगे। डीएसडब्लू कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार इस कोटा के तहत पात्र सभी विद्यार्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। जिसे एचपीयू के यूथ फेस्टिवल में दिए गए हैं, उन्हें अपने साथ जमा दो, दसवीं स्नातक डिग्री कोर्स, मूल हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ आवेदन फार्म की प्रति डाउनलोड कर लानी होगी। साथ ही उन्हें इन सब दस्तावेजों की फोटो कॉपी ट्रायल में लानी होगी। डीएसडब्लू प्रो. नयन सिंह ने कहा कि तय की गई तिथि को सभी बुलाए गए छात्रों को अपीयर होना होगा। ट्रायल में भाग न लेने वाले छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
पीजी डिप्लोमा क्लीनिकल साइकोलॉजी में प्रवेश के लिए मांगे आवेदन
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एलएलएम और पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल साइकोलॉजी, एनवारनमेंट साइकोलॉजी, ऑर्गेनाजेशनल साइकोलॉजी में नए सत्र में बैठाए जाने वाले बैच के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। विवि के डीएस की ओर से जारी सूचना के अनुसार एलएलम में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इन कोर्सों में प्रवेश के लिए तीस अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि है। एलएलएम कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन के साथ सामान्य वर्ग को एक हजार रुपये, जबकि आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को पांच सौ रुपये फीस चुकानी होगी। पीजी डिप्लोमा कोर्सों के लिए सामान्य और आरक्षित दोनों श्रेणी के आवेदकों को पांच रुपये की ऑनलाइन फीस जमा करवानी होगी। विवि के एडमिशन पोर्टल के माध्यम से इच्छुक छात्रों को आवेदन करना होगा।