प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएड और एमएड के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की रेगुलर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 28 जनवरी तक बढ़ा दी है। इन डिग्री कोर्स की परीक्षा फरवरी में आयोजित की जानी है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक दस जनवरी तक तय तिथि को बढ़ाए जाने के बाद अब बिना लेट फीस के प्रशिक्षु परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
बीएड प्रथम सेमेस्टर के भरे जा रहे ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म में सॉफ्टवेयर में रही चूक के कारण फीस में हुई एक हजार की बढ़ोतरी को सही करने के बाद अब प्रथम सेमेस्टर के बीएड प्रशिक्षुओं को फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। एमएड परीक्षार्थियों के लिए भी समय मिला है।
तृतीय सेमेस्टर के लिए 31 तक भरे जाएंगे फार्म
विवि के परीक्षा नियंत्रक ने पीएचडी कोर्स वर्क/एमफिल/एलएलएम प्रथम और तृतीय सेमेस्टर रेगुलर परीक्षा और पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल साइकोलॉजी, दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तिथि को भी 31 जनवरी तक बढ़ाया है। बिना लेट फीस अब इन कोर्स के छात्र और शोधार्थी भी बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।