हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विवि से संबद्ध सरकारी और निजी नर्सिंग संस्थानों में नए सत्र में पोस्ट बेसिक कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट जारी कर दी है। मेरिट के साथ इस कोर्स में प्रवेश को काउंसलिंग का शेडयूल भी जारी कर दिया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि मेरिट और काउंसलिंग के आधार पर ही एक सरकारी और 13 निजी संस्थानों की 405 पोस्ट बेसिक कोर्स की सीटें भरी जाएंगी। मेरिट विवि की वेबसाइट पर देर शाम उपलब्ध करवाई जाएगी।
पोस्ट बेसिक कोर्स में प्रवेश के लिए बनाए गए काउंसलिंग शेडयूल के मुताबिक 22 और 23 सितंबर को विश्वविद्यालय के सभागार में काउंसलिंग होगी। इससे संबंधित जानकारी भी साइट पर उपलब्ध रहेगी।
पोस्ट बेसिक नर्सिंग कोर्स के लिए हुई प्रवेश परीक्षा का परिणाम 4 सितंबर को जारी किया गया था। इसमें 447 अभ्यर्थी प्रवेश के लिए पात्र पाए गए थे। इनमें से मेरिट तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि निदेशक चिकित्सा शिक्षा हिमाचल प्रदेश डॉ. रवि चंद की देखरेख में दो दिन काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इनमें आईजीएमसी में स्थित सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज में पोस्ट बेसिक की तीस सीटें भरी जानी हैं। शेष सीटें निजी संस्थानों की भरी जानी हैं।