हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में इस बार भी आर्ट्स और मेडिकल की सैकड़ों सीटें खाली रह जाना तय है। इन दिनों विवि में चल रही बीएड की काउंसलिंग में मेडिकल में 676 सीटें खाली रह गई हैं। जबकि कला संकाय की शुक्रवार तक हुई प्रक्रिया में 2045 ही सीटें भर पाईं।
नॉन मेडिकल की सीटों में छात्रों ने सबसे अधिक रुचि दिखाई है। इसमें महज 129 सीटें ही खाली बची हैं। बीएड की यह प्रवेश प्रक्रिया तय शेडयूल के मुताबिक शनिवार तक ही चलेगी। लेकिन 13 को भी इसे जारी रखा जाएगा।
बीएड काउंसलिंग कमेटी ने सभी कॉलेजों और प्रवेश पाने वाले छात्रों को दिशा-निर्देश दिए हैं कि 14 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में छात्र रिपोर्ट करें और हर हाल में 16 अगस्त से बीएड के नए बैच का सत्र शुरू कर दिया जाएगा।
बीएड काउंसलिंग कमेटी के समन्वयक प्रो. नयन सिंह ने बताया कि मेडिकल की कुल 1781 सीटों में से 28, 29, 30 जुलाई को हुई काउंसलिंग प्रक्रिया में 1105 सीटें भरी गई हैं, जबकि नॉन मेडिकल की एक से चार अगस्त तक हुई काउंसलिंग में कुल 1874 में से 1745 सीटें भरी गईं।
कला संकाय की चल रही काउंसलिंग में कुल 3545 सीटों में से 2375 सीटें शुक्रवार को भरी जा चुकी थीं। शनिवार को भी आर्ट्स के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिसके लिए 966 उम्मीदवारों को बुलाया गया है।
13 अगस्त को 6 से 12 तक वेटिंग में जिनका फार्म रहा है, उन्हें प्रवेश का मौका दिया जाएगा। इससे जाहिर है कि आर्ट्स में सबसे अधिक सीटें खाली रहेंगी। विवि से संबद्ध 75 कॉलेजों के लिए कुल 7200 सीटें हैं। इनके लिए 11,984 छात्र पात्र थे।