प्रदेश विश्वविद्यालय एमकॉम की परीक्षा 29 जुलाई को दोबारा से लेगा। प्रश्नपत्र को लेकर हुए विवाद के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। अब विवि ने इसकी तारीख तय कर दी है। पहले यह परीक्षा 23 मई को ली गई थी। यह परीक्षा प्रदेश में स्थापित चार परीक्षा केंद्रों में ली जाएगी। इसके लिए धर्मशाला, शिमला, मंडी और हमीरपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह जानकारी विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. अरविंद कालिया ने दी।
उन्होंने बताया कि एमकॉम की परीक्षा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दोबारा ली जाने वाली इस परीक्षा में वही परीक्षार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पहले यह परीक्षा दी थी। इनके रोलनंबर जल्द विवि के एडमिशन पोर्टल पर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इसमें परीक्षा की तारीख और समय में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी अपने दिए गए लॉगइन आईडी के माध्यम से पोर्टल से रोलनंबर डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा के लिए फिर से आवेदन नहीं मांगे गए हैं।
पहले यह परीक्षा 23 मई को हुई थी। एसएफआई की विवि इकाई ने प्रवेश परीक्षा में पूछे गए सवालों को एक ही किताब के चंद पन्नों में से दिए जाने का आरोप लगाया था। इस पर कुलपति और डीएस का घेराव कर परीक्षा को दोबारा करवाने की मांग की थी। विवि ने 18 जून को इस परीक्षा को रद्द कर इसे दोबारा करवाने का फैसला लिया था। परीक्षा दोबारा करवाने में हो रही देरी पर छात्र संगठनों ने विवि प्रशासन पर दबाव बनाया था। इस पर विवि प्रशासन ने वीरवार को यह परीक्षा 29 जुलाई को करवाने का निर्णय लिया।