एचपीयू में दो अगस्त को होने वाली कार्यकारी परिषद की बैठक फिर टल गई है। इसमें विवि में सहायक आचार्य भर्ती के लिफाफे खुलने के बाद चयनित उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक होनी थी। किन्हीं कारणों से स्थगित की गई बैठक की नई तारीख पर अभी फैसला नहीं हो पाया है।
बैठक में साक्षात्कार में चयनित 56 उम्मीदवारों में से नई पुरानी पात्रता शर्तों के मुताबिक फाइनल सूची तय करने को गठित उच्च स्तरीय कमेटी की रिपोर्ट रखी जानी थी। अधिष्ठाता अध्ययन की अध्यक्षता में गठित की कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जानी थी।
वर्ष 2012 में पूर्व भाजपा कार्यकाल और 2014 में वर्तमान कांग्रेस कार्यकाल में विज्ञापित पदों के लिए हुए साक्षात्कार में चयनित 56 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बैठक में होनी थी। 2012 से लगातार सहायक आचार्य भर्ती मामला कई बार सवाल उठने के बाद विवादों में रहा। सूत्रों की मानें तो पात्र उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने की प्रक्रिया उच्च स्तरीय कमेटी अब तक पूरी नहीं कर पाई है।
कमेटी ने इसके लिए कुछ और समय मांगा है। विवि में काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के चलते कमेटी में शामिल वरिष्ठ शिक्षकों को समय देना मुश्किल हुआ है। प्रदेश विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित ने माना कि दो अगस्त को होने वाली कार्यकारी परिषद की बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। जल्द बैठक की तारीख घोषित की जाएगी।