विश्वविद्यालय ने यूजी डिग्री कोर्स सहित शास्त्री और स्नातक स्तर के प्रोफेशन कोर्स की परीक्षा तिथियों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बदलाव किया है। मतदान के लिए तय नौ नवंबर और इसके आसपास की तिथियों में बदलाव किया गया है।
परीक्षा तिथियों में किए बदलाव के बाद बदली डेटशीट को विवि की वेबसाइट www.hpuniv.in पर एग्जाम शेड्यूल में उपलब्ध करवाया गया है। छात्र परीक्षा की बदली गई तिथि से संबंधित जानकारी यहां से प्राप्त कर सकते हैं और इसे चाहे तो डाउनलोड या प्रिंट भी ले सकते हैं।
एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने माना कि चुनाव की तिथियों के चलते शेड्यूल बदला गया है। उन्होंने कहा जिन कोर्स की परीक्षा की डेटशीट में बदलाव किया गया है।
उनमें बीएएमएस, एमडी/एमएस आयुर्वेद, यूजी प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर, यूजी के नए बैच की पहले और तीसरे सेमेस्टर के अलावा बीपीई, बीएफए, बीबीए, बीसीए, बीए एलएलबी कोर्स शामिल है।
कुलसचिव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को एचपीयू के कुलसचिव प्रो. एसएस नारटा ने पत्र लिखकर आग्रह किया है कि प्रदेश में चल रही यूजी की परीक्षाओं के चलते प्रदेश भर में स्थापित किए गए परीक्षा केंद्रों के स्टाफ को कम से कम चुनावी ड्यूटी पर लगाया जाए। पत्र में आग्रह किया है कि कॉलेज स्टाफ में प्राचार्य (परीक्षा केंद्र के सीनियर सुपरिंटेंडेंट), सुपरिंटेंडेंट और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को ड्यूटी पर न लगाया जाए।