हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने रिजल्ट के इंतजार में बैठे कम फीस भरने वाले परीक्षार्थियों को राहत देते हुए ऑनलाइन परीक्षा शुल्क की सुविधा दी है। डेबिट कार्ड से ऑनलाइन फीस जमा होते ही विवि की वेबसाइट पर परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम डिस्पले हो जाएगा।
फीस भरने के लिए विद्यार्थियों को मीलों दूर हमीरपुर विवि कैंपस नहीं आना पड़ेगा। ऑनलाइन सुविधा से पैसे और समय दोनों की बचत होगी। तकनीकी विवि ने मई माह में बीटेक, बी-फार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटेक और एम-फार्मेसी के दूसरे, चौथे, छठे, आठवें सेमेस्टर और जुलाई में ग्रीष्मकालीन परीक्षाओं के पहले और दूसरे सेमेस्टर की पुनर्मूल्यांकन परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए हैं।
पुनर्मूल्यांकन परीक्षा का शुल्क विवि ने इसी वर्ष 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति पेपर किया है। जिसके चलते करीब 500 विद्यार्थियों ने 300 रुपये शुल्क भरा है। शुक्रवार को घोषित पुनर्मूल्यांकन परीक्षा परिणाम में कई विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम डिस्पले नहीं हो रहा है।
इस तरह की शिकायतों से निपटने के लिए पंद्रह दिन की मोहलत देते हुए ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करवाने की सुविधा प्रदान की है। ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न झेलनी पड़े। हिप्र तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो वीपी पटियाल ने कहा कि विवि ने पुनर्मूल्यांकन परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है।
कम परीक्षा शुल्क जमा करवाने वाले विद्यार्थियों के लिए पंद्रह दिन की मोहलत दी गई है। ऑनलाइन पेमेंट खाते में जमा होते ही परीक्षा परिणाम डिस्पले होगा। पंद्रह दिन के बाद विद्यार्थियों को विवि के हमीरपुर कैंपस में परीक्षा शुल्क जमा करवानी पड़ेगी।