हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने क्लर्क समेत छह विभिन्न पोस्ट कोड की भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि परीक्षा से पंद्रह दिन पूर्व प्रत्येक लिखित परीक्षाओं को देने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पोस्ट कोड 657 खाद्य सुरक्षा अधिकारी की परीक्षा 23 सितंबर को सुबह के सत्र में होगी, जबकि पोस्ट कोड 649 असिस्टेंट प्रोग्रामर की परीक्षा 27 सितंबर को सुबह, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग में चालक भर्ती परीक्षा 26 सितंबर को शाम के सत्र में होगी।
पोस्ट कोड 627 लिपिक की परीक्षा 30 सितंबर, पोस्ट कोड 645 एलोपैथी लैब सहायक की परीक्षा 30 सितंबर को सायंकालीन सत्र, पोस्ट कोड 692 लिपिक 28 अक्तूबर सुबह के सत्र में होगी। अभ्यर्थियों को वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा परीक्षा से पंद्रह दिन पूर्व उपलब्ध होगी।
आयोग में चालक के पद के लिए बुलावा पत्र डाक के माध्यम से ही किया जाएगा। अगर किसी अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं होता है तो वह अपना आधार कार्ड की एक कॉपी और दो पासपोर्ट साइज के फोटो साथ लेकर संबंधित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकते हैं।