हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने सोमवार को इंस्पेक्टर (होटल) पोस्ट कोड-557, लेबर इंस्पेक्टर पोस्ट कोड-629 और लेबर इंस्पेक्टर पोस्ट कोड-689 के पदों के लिए ली गई लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने इंस्पेक्टर होटल के चार पदों के लिए अक्तूबर 2016 में आवेदन मांगे थे। इसके लिए कुल 1121 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। इनमें 900 आवेदन स्वीकृत किए गए।
28 अक्तूबर 2018 को ली गई लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा में 900 में से 350 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। आयोग ने सोमवार को परीक्षा में उत्तीर्ण 14 अभ्यर्थियों की सूची जारी कर उन्हें आगामी चयन प्रक्रिया के लिए चयनित किया है। इसी तरह लेबर इंस्पेक्टर पोस्ट कोड-629 के तहत दो पदों के लिए 24 अक्तूबर 2018 को हुई परीक्षा में बैठे 3703 अभ्यर्थियों में से आगामी प्रक्रिया के लिए चयनित छह अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
लेबर इंस्पेक्टर पोस्ट कोड-689 के तहत लेबर इंस्पेक्टर के तीन पदों के लिए 25 नवंबर 2018 को ली गई लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा में बैठे 6992 अभ्यर्थियों में से आगामी प्रक्रिया के लिए चयनित नौ अभ्यर्थियों की सूची आयोग ने जारी कर दी है। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि अभ्यर्थी परिणाम आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।