प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत 5वीं और 8वीं के छात्रों को स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रश्नपत्र मुहैया करवाएगा। इसके लिए बोर्ड ने उप निदेश्क शिक्षा एलीमेंटरी को निर्देश दिए हैं कि सरकारी स्कूलों और शिक्षा विभाग के पंजीकृत निजी स्कूलों को इस बारे में जानकारी दी जाए।
31 दिसंबर तक कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का ब्योरा भेजें। बोर्ड के सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने कहा कि परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के लिए 5वीं कक्षा के छात्रों की विषयवार संख्या और प्रश्न पत्र मुद्रण राशि के रूप में 50 रुपये प्रति छात्र की दर से बोर्ड कार्यालय में जमा करवाएं।
वहीं 8वीं कक्षा के छात्रों से 100 रुपये प्रति छात्र की दर से फीस बोर्ड कार्यालय में जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने वाले स्कूलों को बोर्ड की ओर से प्रश्नपत्र नहीं भेजे जाएंगे।