हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड 12 दिसंबर से फिर अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) लेगा। इसके लिए शिक्षा बोर्ड ने शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए बोर्ड प्रबंधन पहले चार विषयों की परीक्षाओं का स्थगित कर चुका है। अब बोर्ड प्रबंधन ने नए सिरे से टेट के लिए शेड्यूल जारी किया है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि शिक्षा बोर्ड 12 से 15 दिसंबर तक आठ विषयों की परीक्षा दो सत्रों में सुबह 10.00 से 12.30 और दोपहर 2.00 से सायं 4.30 बजे तक करेगा। इस दौरान 12 दिसंबर को सुबह के समय टीजीटी (आर्ट्स) और सायंकाल में टीजीटी (मेडिकल) की परीक्षा होगी।