हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और प्रदेश भर के कॉलेजों में प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव की मांग कर रहे छात्र संगठनों को एक बार फिर विवि ने झटका दे दिया है। विवि प्रशासन ने शनिवार को एचपीयू और इससे मान्यता प्राप्त कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है।
प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस बार भी मैरिट आधार पर एससीए का चुनाव किया जाएगा। हाई पॉवर कमेटी की सिफारिशों के तहत विवि की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के सभी कॉलेजों को 10 दिन के भीतर एससीए का गठन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
एससीए गठन के बाद कॉलेजों को इसकी एक सूची प्रदेश विश्वविद्यालय को भेजनी होगी। एचपीयू ने चुनाव संबंधी अधिसूचना अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। यदि कॉलेजों को चुनाव संबंधी कोई सवाल हो तो वे वेबसाइट से ये अधिसूचना डाउनलोड कर सकते हैं।