पर्यावरण संरक्षण के लिए पहले पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये की राशि मिलेगी।पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने व्यक्तिगत तौर पर विभिन्न श्रेणियों और हिमाचल के संस्थानों से पर्यावरण लीडरशिप पुरस्कार को नामांकन आमंत्रित किए हैं।
ये पुरस्कार शहरी स्थानीय निकायों, पंचायतों, अस्पतालों, होटलों, रिजॉर्ट, रेस्तरां, उद्योगों और पाठशालाओं के अलावा अन्य शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालय परिसरों, आवास, आवासीय कल्याण समिति, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन इत्यादि विभिन्न श्रेणियों के लिए दिए जाएंगे।
सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि पुरस्कार का उद्देश्य विभिन्न व्यक्तियों और संस्थानों का पर्यावरण संरक्षण तथा राज्य के सतत विकास में योगदान के लिए प्रयासों की पहचान करना है।
आवेदक यूएस क्लब शिमला के समीप पर्यावरण भवन स्थित पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में 17 जून तक आवेदन कर सकते हैं। पहला पुरस्कार 50 हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र, जबकि दूसरा पुरस्कार 25 हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
हिमाचल सरकार की अधिसूचना पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विज्ञापन तथा पुरस्कार के लिए आवेदन प्रपत्र वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।