राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की शुक्रवार से शुरू वार्षिक परीक्षाओं के पहले दिन प्रदेश भर के 1846 परीक्षा केंद्रों में एक लाख से अधिक बच्चे जमा दो की परीक्षा में बैठेंगे। शुक्रवार को जमा दो की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
आर्ट्स, कॉमर्स और विज्ञान संकाय के लिए एक लाख से अधिक बच्चे शुक्रवार को परीक्षा देंगे। वहीं, इस साल मैट्रिक और जमा दो की कक्षाओं में कुल दो लाख 17 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
इसमें मैट्रिक में 1,15,323 और जमा दो में 1,02,034 परीक्षार्थी शामिल रहेंगे, जबकि राज्य मुक्त विद्यालीय शिक्षा के माध्यम से मिडिल में 366, मैट्रिक में 9108 और जमा दो में 15008 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों में करीब दस हजार कर्मचारियों का स्टाफ ड्यूटी पर तैनात रहेगा।
बुक करेगी परीक्षा प्रबंधन में सहायता
राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों में वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन और प्रबंधन के लिए एक पुस्तक का प्रकाशन किया है। इसमें सभी बच्चों के रोल नंबर सहित परीक्षा केंद्र का नाम और विषय का ब्योरा प्रकाशित किया गया है। परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई समस्या आने पर बुक से बच्चे की पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है।
वार्षिक परीक्षाओं के बाद भी होंगी प्रेक्टिकल परीक्षाएं
मार्च-2017 वार्षिक परीक्षा में जिला किन्नौर, जबकि चंबा के भरमौर और पांगी उपमंडल में स्थित विद्यालयों की मैट्रिक और जमा दो कक्षाओं की नियमित प्रेक्टिकल परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों, पूर्व में प्रेक्टिकल परीक्षा में फेल अभ्यर्थी उनके लिखित परीक्षा के लिए आवंटित केंद्र और मुक्त विद्यालय के पात्र परीक्षार्थियों की प्रेक्टिकल परीक्षा उनके अध्ययन केंद्रों में लिखित परीक्षा के बाद ली जाएगी।
मैट्रिक की प्रेक्टिकल परीक्षाएं
22 और 23 मार्च - विज्ञान
24 मार्च - इलेक्टिव सब्जेक्ट
जमा दो की प्रेक्टिकल परीक्षाएं
29 मार्च - फिजिक्स
30 मार्च - केमिस्ट्री
31 मार्च - बायोलॉजी/एचई एंड एफएससी
एक अप्रैल - कंप्यूटर साइंस
3 अप्रैल - ज्योग्राफी
5 अप्रैल- म्यूजिक/साइकोलॉजी
29 मार्च से 5 अप्रैल - फिजिकल एजुकेशन/योग/एसीसी
परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी
शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां मुक्कमल कर ली गई हैं। परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए योजनाबद्ध तरीके से बोर्ड काम करेगा।- बलवीर तेगटा, अध्यक्ष स्कूल शिक्षा बोर्ड