प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो की कंपार्टमेंट, श्रेणी सुधार और अतिरिक्त विषय के परीक्षार्थियों की जून में संचालित की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।
बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा में विभिन्न विषयों में 15231 परीक्षार्थी बैठे थे। इनमें 11090 परीक्षार्थी पास हुए हैं, जबकि इसमें 3241 परीक्षार्थियों अनुत्तीर्ण हुए हैं। कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 72.84 फीसदी रहा है।
उधर, बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org से परीक्षा परिणाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने इस बार रिकॉर्ड समय में कंपार्टमेंट परीक्षा जून में करवाकर जुलाई में परिणाम घोषित किया है।
इससे कंपार्टमेंट क्लीयर करने वाले अभ्यर्थियों को स्नातक की कक्षाओं में एडमिशन लेने में सहायता मिलेगी। इससे पूर्व जुलाई में कंपार्टमेंट की परीक्षा होती थी। इससे कंपार्टमेंट का परिणाम लेट आने पर परीक्षार्थी स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पाते थे और एक साल खराब हो जाता था।