प्रदेश विश्वविद्यालय में पांच साल से बंद पड़े होटल मैनेजमेंट कोर्स को दोबारा शुरू करने जा रहा है। इस कोर्स को चलाने के लिए एचपीयू ने पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया है। एचपीयू के नए मल्टी फैकल्टी भवन में होटल मैनेजमेंट कोर्स को चलाने के लिए अलग विभाग तैयार किया गया है। यहां इस कोर्स से जुड़े शिक्षकों के लिए फैकल्टी कार्यालय बना कर तैयार किए गए हैं।
छात्रों के लिए क्लासरूम और सबसे खास किचन, पेंट्री सहित रेस्टोरेंट का निर्माण भी किया गया है। छात्रों को लैब में होटल मैनेजमेंट के प्रैक्टिकल वर्क से जुड़े काम के लिए सामान भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रशिक्षित शिक्षक मिलने के बाद ही इस कोर्स की शुरुवात की जाएगी।
सेंटर की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया खान ने बताया कि एचपीयू के वोकेशनल स्टडी सेंटर में होटल मैनजमेंट कोर्स की शुरुवात की गई थी लेकिन बिना सुविधाओं के यह कोर्स शुरू किया गया था। इसके कारण इस कोर्स का एक ही बैच बैठाया गया। बाद में यह कोर्स बंद कर दिया गया था। अब इस कोर्स के लिए एचपीयू के नए मल्टी फैकल्टी भवन में दो फ्लोर का विभाग तैयार किया गया है।
विभाग में मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
विभाग में स्मार्ट क्लासरूम के साथ ही सबसे ऊपर वाले फ्लोर में रेस्टोरेंट और रिसेप्शन भी बनाई गई है। किचन भी इसमें बनाया गया है। बाकी सामान की खरीद प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। होटल मैनेजमेंट कोर्स पहले भी एचपीयू ने शुरू किया था। पहला और अंतिम बैच 2015 में पासआउट हुआ था। 2016 में इस कोर्स के लिए प्रवेश प्रक्रिया ही नहीं करवाई गई। सुविधाएं न होने के कारण इसे बंद कर दिया गया।
सेंटर से मिला है दो करोड़ का बजट
एचपीयू को इस कोर्स से जुड़ी सुविधाएं जुटाने के लिए मनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म से 2 करोड़ की राशि मिली है । इसमें से एक करोड़ रुपया तो इस कोर्स के लिए भवन बनाने में खर्च किया गया है। अब जल्द आगामी एक करोड़ की ग्रांट भी केंद्र से मांगी जाएगी।