प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन विषय पढ़ाने वाले शिक्षकों को अमेरिका जाकर प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा। शिक्षकों को विदेश जाकर गुणात्मक शिक्षा देने का प्रशिक्षण देने के लिए यूनाइटेड स्टेट इंडिया एजूकेशन फाउंडेशन देश के 17 राज्यों से शिक्षकों का चयन करेगी। ऑनलाइन होने वाले टेस्ट को पास करने वाले शिक्षकों का चयन किया जाएगा। फाउंडेशन ने हिमाचल प्रदेश को भी 17 राज्यों में शामिल किया है।
यूएसआईईएफ ने टीचिंग एक्सिलेंस एंड एचीवमेंट प्रोग्राम के तहत शिक्षकों को विदेश भेजकर प्रशिक्षण देने की पहल की है। प्रशिक्षण के लिए विदेश जाने के इच्छुक शिक्षकों को http://oas.irex.org/tea पर लॉग इन कर ऑनलाइन टेस्ट देना होगा। टेस्ट में पास होने वाले शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
टेस्ट देने के लिए शिक्षक यूनाइटेड स्टेट इंडिया एजूकेशन फाउंडेशन की वेबसाइट पर भी लॉग इन कर सकते हैं। सरकारी स्कूलों के छठी से जमा दो कक्षा के शिक्षक इसके लिए पात्र होंगे। प्र्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शिक्षकों के समूह बनाए जाएंगे। एक समूह में 80 शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। छह सप्ताह तक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षाविद शिक्षकों को पढ़ाने की नई तकनीक और मॉड्यूल के बारे में बताएंगे।
उधर, उच्च शिक्षा निदेशालय के पास इस तरह के प्रशिक्षण को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। निदेशालय के अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों के लिए यह अच्छा मौका है। अगर कोई शिक्षक चयनित होता है तो निदेशालय की ओर से उन्हें अनुमति दे दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक कई गैर सरकारी संस्थाएं गुणात्मक शिक्षा के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करती है।