राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के तहत 15 सितंबर से संचालित की जाने वाली आठवीं, दसवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 211 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।इनमें जिला कांगड़ा में सबसे ज्यादा 55 निजी और सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी 10 से अधिक सेंटर होंगे। इसके अलावा किन्नौर और लाहुल-स्पीति में तीन-तीन परीक्षा केंद्र हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्थापित किए हैं।
इन परीक्षा केंद्रों में 67 प्राइवेट और 144 सरकारी स्कूल शामिल हैं। सितंबर माह में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के तहत आठवीं, दसवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं लेगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने इसकी पुष्टि की है।
किस जिले में कितने परीक्षा केंद्र
बिलासपुर में 11, चंबा में 18, हमीरपुर में 12, कांगड़ा 55, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में तीन-तीन, जबकि कुल्लू जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा मंडी में 30, शिमला में 25, सिरमौर में 12, सोलन में 20 और ऊना जिला में 10 स्कूलों को एसओएस की परीक्षाओं के लिए चयनित किया गया है।