इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) से यूजी और पीजी करने के इच्छुक विद्यार्थी अब लोकमित्र केंद्रों में कम पैसे देकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। विद्यार्थियों की सहूलियत को इग्नू का लोकमित्र केंद्रों के साथ एमओयू साइन हुआ है।
इससे छात्रों को दाखिला फॉर्म भरने के लिए इग्नू केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे नजदीकी लोकमित्र केंद्र में जाकर एडमिशन फॉर्म भर सकते हैं। विद्यार्थियों से साइबर कैफे में एडमिशन फॉर्म भरने के ज्यादा पैसे लगते हैं।
ऐसे में छात्रों की सुविधा के लिए इग्नू ने लोकमित्र केंद्रों एमओयू साइन किया है। इग्नू के तहत पीजी और यूजी कक्षाओं के दूसरे और तीसरे वर्ष वाले छात्रों की रि-रजिस्ट्रेशन 31 दिसंबर तक की जाएगी।
इसके तहत दूसरे और तीसरे वर्ष के दाखिले एक से 31 दिसंबर तक किए जाएंगे। उधर, इग्नू केंद्र हमीरपुर के समन्वय प्रोफेसर रवि दत्त का कहना है कि इग्नू का लोक मित्र केंद्रों के साथ एमओयू साइन हुआ है।
इसके तहत फीस के अलावा फॉर्म तथा अन्य कामों के कम दाम लोकमित्र केंद्रों की ओर से लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दूसरे और तीसरे वर्ष की रि-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।
अगर किसी छात्र को कोई दिक्कत होती है तो उस स्थिति में वह संबंधित इग्नू केंद्र में जाकर सलाह ले सकता है।