अगले साल से सूबे की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में बदलाव किया जाएगा। अब नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भी अंडर-14 खेलकूद स्पर्धा में हिस्सा ले सकेंगे। वर्तमान में सिर्फ आठवीं तक के छात्र-छात्राएं अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेते हैं।
अगर अंडर-14 आयु वर्ग का कोई खिलाड़ी नौवीं कक्षा में पढ़ता है तो वह हिमाचल की अंडर-14 स्कूली खेलों में भाग लेने से वंचित रह जाता था। उसे स्कूलों की अंडर-19 के खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ता है।
इसके चलते कई बार उसे अंडर-19 में खेलने का मौका तक नहीं मिल पाता था। अब हिमाचल स्कूल क्रीड़ा संघ अगले साल से नौवीं कक्षा के पात्र खिलाड़ियों को अंडर-14 की खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मंजूरी देने की तैयारी कर रहा है।
संघ की वार्षिक बैठक में नौवीं के पात्र खिलाड़ियों को अंडर-14 स्कूली खेलों में भाग लेने के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा। देश के अन्य राज्यों में इस प्रकार का प्रस्ताव लागू कर दिए गए हैं।
उधर, हिमाचल शारीरिक शिक्षक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मस्त राम भडियाल और महासचिव छोटा राम मान ने कहा कि अंडर-14 में नौवीं कक्षा के पात्र खिलाड़ियों को खेलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे औपचारिकता के लिए हिमाचल स्कूल क्रीड़ा संघ की मंजूरी के लिए बैठक में रखा जाएगा। अगले साल से इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा।