राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड को डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन) के सत्र 2016-18 के लिए अभ्यर्थी ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। तीन बार काउंसलिंग करने के बाद भी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में निर्धारित सीटें नहीं भरी हैं। इसलिए अब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड के लिए चौथे चरण की काउंसलिंग की घोषणा कर दी है।
इसके लिए अभ्यर्थी 31 मार्च से 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड के माध्यम से डीएलएड प्रवेश के लिए हुई तीन चरणों की काउंसलिंग के बाद भी प्रदेश के 12 सरकारी शिक्षण संस्थानों में 795 और 28 प्राईवेट शिक्षण संस्थानों में 1406 सीटें खाली रह गई हैं। तीन चरणों की काउंसलिंग के बाद खाली पड़ी सीटों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसमें सरकारी शिक्षण संस्थानों के लिए अभ्यर्थी एक से 12 तक वरीयता के आधार पर संस्थानों का चुनाव करना होगा, जबकि निजी शिक्षण संस्थानों के लिए पांच फीसदी छूट पाने वाले 1479 अभ्यर्थी निजी शिक्षण संस्थानों का वरीयता के आधार पर एक से 27 तक चयन कर सकते हैं। डीएलएड के चौथे चरण की काउंसलिंग के लिए सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पहले, दूसरे और तीसरे चरण की काउंसलिंग के लिए अप्लाई न किया हो।
जबकि पहले चरण की काउंसलिंग में अप्लाई करने के बाद चयन होने पर भी आवंटित शिक्षण संस्थान में एडमिशन नहीं लिया था और निर्धारित अंकों में पांच फीसदी छूट पाने वाले अभ्यर्थी भी चौथे चरण की काउंसलिंग के लिए अप्लाई कर सकते हैं। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि डीएलएड में प्रवेश पाने के लिए यह अंतिम चरण की काउंसलिंग होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को कोई भी मौका नहीं दिया जाएगा।