हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग संघ के शनिवार को राजधानी शिमला में आयोजित बैठक में चुनाव संपन्न हुए। इसमें राजेश भंडारी को प्रधान, जबकि सुरेंद्र शांडिल को एक बार फिर से महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ की नई चुनी गई कार्यकारिणी में कुल्लू जिला के कृष्ण ठाकुर, बिलासपुर के कमिंद्र , किन्नौर के जीसी नेगी को उपाध्यक्ष चुना गया है। बलवंत ठाकुर शिमला को कोषाध्यक्ष, अनिल मनकोटिया हमीरपुर, मुकेश भटनागर सिरमौर, रविंद्र पंवर सोलन को सह सचिव चुना गया है।
चुनाव सेवानिवृत्त डा. जेएन बारोवालिया प्रधान सचिव (लॉ) की देखरेख में संपन्न हुए। वहीं सेक्रेटरी जनरल पंजाब बाक्सिंग संघ बॉक्सिंग फेडरेशन की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। चुनाव में खेल विभाग की ओर से परशुराम अवार्ड विजेता बॉक्सिंग कोच अनुराग वर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में गतिविधियां आयोजित करने और संघ को और मजबूत बनाने के लिए कुछ प्रस्ताव भी पारित किए गए।