हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जेबीटी के प्रशिक्षुओं को गोल्डन चांस दिया है। इसके तहत विभिन्न शैक्षणिक सत्रों में फेल और कंपार्टमेंट घोषित अभ्यर्थियों को एक बार पेपर देने का मौका मिलेगा। इसके अलावा राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने दो वर्षीय डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन) के सभी विषयों और जेबीटी गोल्ड चांस परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है।
डीईएलईडी के शैक्षणिक सत्र 2015-17 की परीक्षाएं 20 जुलाई से शुरू होंगी, जबकि जेबीटी भाग-एक के छात्रों को गोल्डन चांस का मौका भी शिक्षा बोर्ड ने दिया है। जेबीटी भाग-एक री-अपीयर को गोल्डन चांस, बैच 2013-15 जेबीटी भाग-एक सभी विषय में गोल्डन चांस, बैच 2012-14 और 2013-15 जेबीटी भाग-एक री-अपीयर, बैच 2013-15 भाग-दो री-अपीयर गोल्डन चांस, बैच 2012-14 के जेबीटी भाग-दो पूर्ण विषय के अनुर्तीण परीक्षार्थी को जुलाई में परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के तहत डीईएलईडी बैच 2015-17 के सभी विषय, 2013-15 री-अपीयर गोल्डन चांस और 2012-14 और 2013-15 भाग-एक जेबीटी की परीक्षाएं 20 जुलाई से एक अगस्त तक प्रात: कालीन सत्र 10 से एक बजे तक आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा जेबीटी भाग- दो री-अपीयर गोल्डन चांस बैच 2012-14, जेबीटी भाग-दो बैच 2013-15, पूर्ण विषय में 2016 में फेल परीक्षार्थी और जेबीटी भाग-दो बैच 2013-15 की परीक्षाएं सायंकालीन सत्र दो से पांच बजे तक होंगी। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव शुभ कर्ण सिंह ने बताया कि डीएलएड नियमित की परीक्षाओं सहित जेबीटी के छात्रों के लिए गोल्डन चांस का मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित डेटशीट बोर्ड की वेबसाइट में अपडेट कर दी गई है।