टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर से मान्यता प्राप्त प्रदेशभर के करीब तीन दर्जन प्राइवेट कॉलेजों में ट्यूशन फीस समेत अन्य शुल्क में भारी भरकम बढ़ोतरी की गई है। बढ़ी हुई फीस इसी शैक्षणिक सत्र से लागू हो गई है। हालांकि शैक्षणिक सत्र 2016-17 के लिए फीस वृद्धि की यह अधिसूचना प्रदेश सरकार ने दिसंबर 2015 में जारी की है, लेकिन लागू इसी माह से हो रही है।
वहीं कोर्ट के आदेशानुसार तकनीकी विवि को 15 अगस्त से पहले कक्षाएं शुरू करनी हैं। प्राइवेट कॉलेज प्रबंधन की मांग पर प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाई गई फीस से तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों पर इस साल से भारी भरकम वित्तीय बोझ पड़ेगा। इस सत्र से इंजीनियरिंग, फार्मेसी, एमबीए और एमसीए में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को 4000 से 5000 रुपये अधिक चुकाने पड़ेंगे।
जबकि स्नातकोत्तर कोर्स एम-टेक में 6000 और एम-फार्मेसी में 10,000 की भारी वृद्धि भी झेलनी होगी। इसके साथ ही थ्योरी और प्रैक्टीकल शुल्क में दोगुना, जबकि हॉस्टल शुल्क में ढाई गुणा की वृद्धि की गई है। प्रदेश सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर के तीन दर्जन से अधिक महाविद्यालयों में शिक्षा हासिल करने वाले छह हजार से अधिक विद्यार्थी प्रभावित होंगे।
प्राइवेट कॉलेजों का फीस स्ट्रक्चर
कोर्स पहले अब
बीटेक 57,000 62,000
बी-फार्मेसी 55,000 59,000
एमबीए 54,000 58,000
एमसीए 54,000 58,000
एम-टेक 70,000 76,000
एम-फार्मेसी 1,10,000 1,20,000
थ्योरी 1000 2000
प्रैक्टीकल 500 1000
अन्य शुल्क में इस तरह हुई वृद्धि
मद पहले अब
हॉस्टल शुल्क 10,000 25,000
मेस चार्जिज 1500 24,000
रजिस्ट्रेशन शुल्क 1000 1200
डेवलपमेंट फंड 5500 6500
कंप्यूटर इंटरनेट 2000 2500
मेस मेंटेनेंस चार्जिस 400 700
हिप्र टेक्निकल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विनय कुमार ने बताया कि सरकारी और प्राइवेट महाविद्यालयों में ट्यूशन फीस समेत अन्य शुल्क बढ़ाने की शक्तियां प्रदेश सरकार के अधीन हैं। प्रदेश सरकार ही फीस से संबंधित नोटिफिकेशन जारी करती है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी के पास स्टूडेंट्स के दाखिले और परीक्षाओं का संचालन समेत अन्य कार्य हैं।