नए साल का आगाज बिलासपुर वासियों के लिए इस बार खास रहने वाला है। पहली बार हो रही वूमेन पॉवर कप प्रतियोगिता का आगाज बिलासपुर से हो रहा है। 12 से 14 जनवरी तक प्रतियोगिता का आयोजन प्रो कबड्डी की तर्ज पर किया जाएगा।
टूर्नामेंट का थीम ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ’ रखा गया है। सोमवार को कैन स्पोर्ट्स और हिमाचल हैंडबाल संघ के पदाधिकारियों ने बिलासपुर के छात्र खेल मैदान का जायजा लिया और होटलों का भी निरीक्षण किया। वूमेन पॉवर कप में देश की छह टीमें भाग लेंगी।
इनमें 60 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होंगे। प्रत्येक टीम में दस-दस खिलाड़ी होंगे। टीम के चयन के लिए जल्द ही एक इंटरनेशल स्तर की चयन समिति का गठन किया जाएगा। तीन दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में छह टीमें आपस में भिड़ेंगी।
कुल मिलाकर 9 मैच खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में रैफरी से लेकर अन्य स्टाफ भी इंटरनेशनल स्तर का होगा। ब्वायज स्कूल को शानदार खेल स्टेडियम में तबदील किया जाएगा। जहां खिलाड़ियों के बैठने के साथ-साथ दर्शकों के भी बैठने का उचित प्रबंध किया जाएगा।
आने वाले समय में होने वाली प्रदेश हैंडबाल संघ और कैन स्पोर्ट्स के अधिकारियों की बैठक में टीमों के नाम से लेकर अन्य प्रबंधों पर चर्चा की जाएगी।
हैंडबाल संघ के प्रवक्ता कर्ण चंदेल ने बताया कि जनवरी में तीन दिन तक चलने वाले इस वूमेन पॉवर कप के लिए सोमवार को बिलासपुर के छात्र खेल मैदान व होटलों का निरीक्षण किया गया है।