खेलो इंडिया में गोल्ड जीतने वाली हिमाचल महिला कबड्डी टीम का बद्दी में भव्य स्वागत हुआ। नेशनल चैंपियन बनकर लौटीं हिमाचल की बेटियों को बद्दी में सिर-आंखों पर बिठाया।
फाइनल मैच में हिमाचल की टीम का दिल्ली से मुकाबला हुआ। इसमें हिमाचल ने दिल्ली की टीम को 30-22 से पराजित किया। सिरमौर के धकोली निवासी साक्षी को टूर्नामेंट का बेस्ट प्लेयर चुना गया। जबकि टीम की कप्तान स्वीटी को बेस्ट रेडर।
इस दौरान कोच संजीव कुमार भी साथ रहे। दिल्ली से लौट रहीं हिमाचल टीम की सदस्य मंडी से दिव्या, शिमला से शीतल, बिलासपुर से तनवी, सिरमौर के देवथल की कृतिका, शिमला जिले की टीम कप्तान स्वीटी, सिरमौर के धकोली की साक्षी, मंडी की भावना, साई हास्टल की महिमा, मुस्कान,
डिंपल, अलीशा, किरण का मंगलवार दोपहर बाद हिमाचल की सीमा पार करते हुए बद्दी स्थित लाज मोटर्स में भव्य स्वागत किया गया। साथ ही नकद राशि देकर सम्मानित किया। लाज मोटर्स के एमडी महेश कुमार कौशल ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है।
टीम के कोच संजीव कुमार ने बताया कि हिमाचल की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इन छात्राओं ने जो खेल दिखाया, उसे देखकर दूसरे राज्यों की खिलाड़ी भी हैरान हैं। लीग मैच में दिल्ली ने हिमाचल की टीम को पराजित किया था, लेकिन फाइनल में हिमाचल की टीम ने दिल्ली से अपना हिसाब पूरा कर लिया।