हिमाचल के सरकारी स्कूलों में सोमवार से नौवीं से जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों की ऑनलाइन फर्स्ट टर्म परीक्षाएं शुरू हो गईं। सुबह व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र भेजे गए। सोमवार को नौवीं-दसवीं कक्षा का अंग्रेजी विषय, जमा एक और दो कक्षा का इतिहास, फिजिक्स और अकाउंटेंसी विषय की परीक्षा हुई। ऑनलाइन परीक्षाएं 17 सितंबर तक चलेंगी। 50 अंकों की परीक्षा को पूरा करने के लिए दो घंटे का समय दिया गया है।
समग्र शिक्षा के परियोजना निदेशालय की ओर से करवाई जा रही फर्स्ट टर्म परीक्षा में 28 अगस्त तक पढ़ाए सिलेबस से सवाल पूछे जा रहे हैं। परीक्षा पूरी करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से आंसर शीट शिक्षक को वापस भेजने को कहा गया है। 26 सितंबर तक परीक्षा परिणाम जारी होगा। व्हाट्सएप ग्रुपों से नहीं जुड़ सके विद्यार्थियों को शिक्षकों ने सोमवार को घर-घर जाकर प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाए। परीक्षा के लिए किसी भी विद्यार्थी को स्कूल में बुलाने पर रोक लगाई गई है।
परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि सोमवार सुबह प्रश्नपत्रों को हर घर पाठशाला वेबसाइट पर अपलोड किया गया। शिक्षकों ने इस वेबसाइट से प्रश्नपत्र अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को व्हाटसएप ग्रुप के माध्यम से भेजे। प्रश्नपत्र एक पासवर्ड से लॉक थे। शिक्षकों को उपनिदेशकों के माध्यम से पासवर्ड उपलब्ध करवाए गए। उन्होंने बताया कि पासवर्ड या अन्य किसी मामले को लेकर किसी भी स्कूल से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।