हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड के नए सत्र 2019-21 के लिए कांउसलिंग शेड्यूल जारी किया है। पहले चरण में स्पोर्ट्स कोटे में भरी जाने वाली सीटें के लिए कांउसलिंग होगी। स्पोर्ट्स कोटे में सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के 105 अभ्यर्थियों की कांउसलिंग दो और तीन सितंबर को बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला परिसर में होगी। दो सितंबर को 55 और तीन को 50 अभ्यर्थियों को कांउसलिंग के लिए बुलाया है।
वेबसाइट पर दोनों दिन बुलाए अभ्यर्थियों की लिस्ट अपडेट की गई है। अभ्यर्थी अपने रोल नंबर के अनुसार कांउसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि अभ्यर्थियों को कांउसलिंग में बायोडाटा फॉर्म भरकर लाना होगा। मूल प्रमाण पत्र, कैटेगिरी व उप कैटेगिरी और खेल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। सभी प्रमाण पत्रों की सत्यापित छाया प्रतियां भी लानी होंगी।