एचपीयू के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) में पीजी और यूजी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। पीजी कोर्स में 31 जनवरी, जबकि यूजी डिग्री कोर्स में ऑनलाइन प्रवेश के लिए अंतिम तारीख सात फरवरी है। यूजी डिग्री कोर्स की मार्च में संभावित वार्षिक परीक्षाओं के लिए इक्डोल छात्रों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने का समय अलग से देगा।
सात फरवरी तक यूजी कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्रों के फार्म वेरिफिकेशन के बाद दो-तीन दिन फीस जमा करवाने को दिए जाएंगे। इसके बाद संस्थान में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने का समय दिया जाएगा। इक्डोल निदेशक प्रो. कुलवंत पठानिया ने माना कि यूजी में प्रवेश लेेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने का समय दिया जाएगा।
यूजीसी डिस्टेंस एजूकेशन ब्यूरो से नया बैच बैठाने को देरी से अनुमति मिली है। इससे प्रवेश प्रक्रिया भी देरी से शुरू हुई। यूजी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने का अलग से शेडयूल होगा। कहा कि यूजी, पीजी कोर्स में इस सत्र में प्रवेश लेने वालों की संख्या पिछले सत्र के मुकाबले कम होगी। यह आंकड़ा दो हजार से अधिक रहने की उम्मीद है।
यूजी और पीजी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने पर ही छात्रों को स्टडी मैटीरियल और पीजी कोर्स के पीसीपी की तिथियां तय होंगी। हालांकि स्टडी मैटीरियल पहुंचाने को समय कम रहेगा। सिलेबस से संबंधित जानकारी विवि और इक्डोल की वेबसाइट पर दिए लिंक में उपलब्ध रहेगी।