राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को नॉन मेडिकल और भाषा अध्यापक की टेट (अध्यापक पात्रता परीक्षा) लिया। नॉन मेडिकल के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 9834, जबकि भाषा टेट को 8287 को रोल नंबर जारी किए थे।
सोमवार को सुबह के सत्र में प्रदेश भर के 46 परीक्षा केंद्रों में नॉन मेडिकल की परीक्षा हुई, जबकि भाषा अध्यापक की परीक्षा 43 केंद्रों में हुई। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ हरीश गज्जू ने बताया कि सोमवार को अध्यापक पात्रता परीक्षा शांतिप्रिय तरीके से संचालित की गई।
किसी भी परीक्षा केंद्र से कोई शिकायत बोर्ड को नहीं मिली है। स्कूल शिक्षा बोर्ड की अध्यापक पात्रता परीक्षा में टीजीटी आर्ट्स के सर्वाधिक परीक्षार्थी हैं। इसके लिए बोर्ड को 36707 आवेदन मिले हैं, जबकि टीजीटी मेडिकल के 6384, पंजाबी के 463 और उर्दू के 100 आवेदन बोर्ड को मिले हैं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड आठ सितंबर को सुबह के सत्र में दस से साढ़े 12 बजे तक टीजीटी आर्ट्स टेट लेगा, जबकि सायंकालीन सत्र में दो से साढ़े चार बजे तक मेडिकल टेट होगा।
नौ सितंबर को सुबह के सत्र में दस से साढ़े 12 बजे तक पंजाबी और सायंकालीन सत्र दो से साढ़े चार बजे तक उर्दू टेट होगा। इन परीक्षाओं के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड मंगलवार को रोल नंबर जारी करेगा।