मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मोबाइल ऐप और ‘मेरा हुनर एचपी’ वेबसाइट का शुभारंभ किया। ‘मेरा हुनर’ एक वेब आधारित प्लेटफॉर्म है, जहां कुशल और अर्द्धकुशल व्यक्ति अपनी सहूलियत के अनुसार विभिन्न नौकरियां जैसे प्लंबर, बढ़ई मैकेनिक, सुरक्षा कर्मी, ड्राइवर, टूरिस्ट गाइड आदि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्लेटफार्म अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध करवाया गया है।
यह प्लेटफार्म आवेदकों को सीधे तौर पर संभावित नियोक्ताओं से संपर्क में लाएगा। आवेदन में आवेदकों की ओर से अपना पता, दूरभाष नंबर और अन्य जानकारी भी दी जाएगी। इस पहल से संबंधित क्षेत्र में दैनिक रोजगार की संभावनाएं तलाशने वालों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ‘मेरा हुनर’ की टीम की सराहना की और रोजगार प्रदान करने के लिए सीईओ विनय दलाल का आभार व्यक्त किया।