हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में 21 स्नातकोत्तर कोर्सों के लिए प्रवेश परीक्षा की पहली मेरिट सूची 18 जून को जारी होगी। रविवार को केंद्रीय विवि ने देश भर के कुल 16 केंद्रों में प्रवेश परीक्षा ली। विभिन्न कोर्स में कुल 690 सीटों के लिए करीब 4920 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
करीब 85 फीसदी अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा में उपस्थिति दर्ज करवाई। उधर, रविवार शाम को आंसर-की भी जारी कर दी है। अभ्यर्थी अपने सुझाव और आपत्तियां www.cuhimachal.ac.in पर दर्ज करवा सकते हैं।
रविवार को केंद्रीय विवि की 10 बजे से शुरू हुई प्रवेश परीक्षा में च्वाइस वन के लिए 90 मिनट, जबकि च्वाइस दो के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 90 मिनट का समय दिया गया। परीक्षा सुबह 10 से एक दोपहर तक चली। हिमाचल में 13 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।
इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में तीन परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। प्रवेश परीक्षा की पहली सूची 18 जून को जारी होगी। 20 जून तक फीस जमा करवा सकेंगे। इसके बाद दूसरी मेरिट सूची 21 जून को जारी होगी, जबकि रिक्त सीटों के लिए तीसरी मेरिट सूची 28 जून को जारी की जाएगी।
एक अगस्त से पीजी के दस्तावेजों की वेरिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन होगी। दो अगस्त से चयनित छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
उधर, केंद्रीय विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ संजीव शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार को 16 केंद्रों में करवाई गई है। करीब 85 फीसदी उम्मीदवारों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया है।