बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के एमए चिदंबरम पुरस्कार के लिए एचपीसीए (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें गेंदबाज आयुष जम्वाल और बल्लेबाज एकांत सेन का नाम शामिल है।
बीसीसीआई के 12 जून को होटल आईटीसी गार्डनिया बंगलूरू में होने वाले सम्मान समारोह में दोनों खिलाड़ियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये और ट्रॉफी के साथ सम्मानित किया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों का चयन घरेलू मैच में उम्दा प्रदर्शन के लिए हुआ है।
एचपीसीए की ओर से खेलने वाले आयुष जम्वाल ने साल 2017-18 में अंडर-19 कूच बिहार (घरेलू टूर्नामेंट) में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए। जम्वाल ने छह मैचों की 11 पारी में आठ बार पांच-पांच विकेट हासिल कर सर्वाधिक 50 विकेट लिए।
दूसरी ओर, एकांत सेन ने अंडर-23 में सीजन 2016-17 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी (घरेलू टूर्नामेंट) में 7 मैचों में 618 रन बनाए, जबकि 108 रन का सर्वोच्च स्कोर भी एकांत के नाम रहा। एचपीसीए अंतरिम समिति के सदस्य युधिष्ठिर कटोच ने कहा कि एचपीसीए की टीम का प्रदर्शन साल दस साल अच्छा हो रहा है।
हिमाचल के खिलाड़ी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि अब बीसीआई के सम्मान समारोह में भी एचपीसीए के खिलाड़ियों का नाम आना शुरू हुआ है। इसके लिए खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है।