सेना में भर्ती होने का युवाओं में जज्बा तो खूब है, लेकिन मैदानी बाधा पार नहीं कर पा रहे हैं। ऊना के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बुधवार को सेना भर्ती शुरू हो गई। पहले दिन 2005 युवाओं हिस्सा लिया। इनमें 194 युवा ही मैदानी बाधा को पार कर सके। मंगलवार रात को ही युवा यहां जुटना शुरू हो गए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे सेना भर्ती के लिए युवाओं की एंट्री शुरू हुई। सेना भर्ती के लिए बिलासपुर जिले के घुमारवीं और झंडूता तहसील के 2446 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। 2005 युवा ही सेना भर्ती के लिए मैदान में पहुंचे।
शारीरिक मापदंड पूरा करने के बाद 2005 युवाओं में से 194 युवा ही सेना भर्ती की ग्राउंड की प्रक्रिया पूरी कर पाए। ग्राउंड टेस्ट क्लीयर करने के लिए युवाओं को कई पड़ाव पार करने पड़े। युवाओं ने दौड़, जिग जैग बैलेंस और बीम सहित अन्य प्रक्रिया पूरी की। सेना भर्ती कार्यालय निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि सेना भर्ती के पहले दिन बिलासपुर जिले की दो तहसीलों के 194 युवा मैदानी टेस्ट में पास हुए हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि दलालों के चक्कर में न आएं। सेना भर्ती में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है।