रामपुर कॉलेज मैदान में शुरू हुई सेना की भर्ती में 321 युवा ही दौड़ की बाधा पार कर पाए। भर्ती की पहली प्रक्रिया में ही अधिकतर युवाओं की सांसें फूल गईं। इससे पहले प्री हाइट में 449 युवा बाहर हो गए। पहले चरण में मंगलवार और बुधवार को सिरमौर जिले के युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
भर्ती 31 मई से छह जून तक चलेगी। इसमें प्रदेश के चार जिलों शिमला, किन्नौर, सोलन और सिरमौर के युवा भाग लेंगे। भर्ती के लिए सिरमौर जिले से दो हजार से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था। दौड़ में 1633 युवाओं ने हिस्सा लिया।
150 जवान दे रहे हैं सेवाएं
सेना भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। सुबह चार से सात बजे तक दौड़, इसके बाद हाईजंप, लॉंग जंप, हाइट आदि की प्रक्रिया पूरी की गई। दौड़ की बाधा पार कर 321 युवा दूसरे चरण में पहुंचे। इसके बाद इन्हें मेडिकल की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता से करवाने के लिए सेना भर्ती ऑफिस शिमला, हमीरपुर, मंडी और अंबाला से करीब 150 जवान सेवाएं दे रहे हैं।
आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस शिमला के इंचार्ज कर्नल योगेश जोशी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में शिमला, किन्नौर, सोलन और सिरमौर के युवा भाग ले रहे हैं। पहले दिन कुल 321 युवाओं ने ग्राउंड पास कर दूसरे चरण में प्रवेश पाया है। आज युवाओं का मेडिकल टेस्ट किया जा रहा है।